पुराने पुल से नदी में गिरी एम्बुलेंस : दो घायल

सतना/उचेहरा, यश भारत। उचेहरा क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया, जब बरुआ नदी के पुराने पुल से गुजर रही एक फोर व्हीलर एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पुल के नीचे पानी में जा समाई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोर के समय एम्बुलेंस बरुआ नदी के पुराने पुल से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी के पानी में गिर गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हादसे में दो लोगों के घायल होने की सूचना है। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए उचेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।







