भोपाल में गूंजेगी पेड्डी की आवाज़, ए.आर. रहमान की लाइव परफॉर्मेंस मचाएगी धूम

भोपाल में गूंजेगी पेड्डी की आवाज़, ए.आर. रहमान की लाइव परफॉर्मेंस मचाएगी धूम
23 मई को भेल दशहरा मैदान में सजेगी सुरों की महफिल, आज से बटेंगे फ्री पास
भोपाल, यश भारत। राजधानी के सिनेमा और संगीत प्रेमियों के लिए आगामी 23 मई की शाम बेहद ऐतिहासिक होने जा रही है। देश की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्म पेड्डी के भव्य म्यूजिकल इवेंट पेड्डी की आवाज़ की मेजबानी इस बार भोपाल को मिली है। यह मेगा इवेंट गोविंदपुरा स्थित भेल दशहरा मैदान में 23 मई को शाम 5 बजे से आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विश्वप्रसिद्ध और ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान की लाइव परफॉर्मेंस होगी। रहमान के भोपाल आगमन को लेकर शहर के युवाओं और संगीत प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। प्रोडक्शन टीम के सदस्य बाबा ने बताया कि यह शाम केवल संगीत तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मंच से फिल्मी दुनिया की कई बड़ी घोषणाएं भी की जाएंगी।
राम चरण और जाह्नवी कपूर की जोड़ी आएगी नजर
फिल्म पेड्डी अपनी दमदार स्टारकास्ट और भव्य स्केल को लेकर पहले से ही देश भर में टॉक ऑफ द टाउन बनी हुई है। फिल्म में मुख्य भूमिका तेलुगु सिनेमा के मेगा पावर स्टार राम चरण निभा रहे हैं। उनके साथ बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर, कन्नड़ सुपरस्टार डॉ. शिव राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु (मिर्जापुर फेम) जैसे दिग्गज कलाकार स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन ब्लॉकबस्टर फिल्म उप्पेना फेम बुची बाबू सना ने किया है।
सुरक्षा के मद्देनजर पास अनिवार्य, पहले आएं-पहले पाएं
आयोजकों ने बताया कि भोपाल और आसपास के जिलों से जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में आम जन के लिए एंट्री पूरी तरह फ्री रखी गई है, लेकिन व्यवस्था बनाए रखने के लिए पास अनिवार्य किया गया है। निशुल्क पास का वितरण आज, 20 मई से भेल दशहरा मैदान पर बने काउंटर्स से शुरू किया जा रहा है। आयोजकों ने प्रशंसकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने पास सुरक्षित कर लें क्योंकि सीटें सीमित हैं।







