देहरादून के पैनेसिया अस्पताल में भीषण आग, आईसीयू के मरीजों को सुरक्षित निकाला गया
आग और धुएं की चपेट में आने से अस्पताल के कुछ कर्मचारी भी घायल

देहरादून। हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया अस्पताल में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अस्पताल में आग एसी में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसके बाद कुछ ही देर में धुआं पूरे अस्पताल परिसर में फैल गया। धुआं फैलते ही मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
घटना के समय अस्पताल के आईसीयू में छह मरीज भर्ती थे। स्थिति गंभीर होते देख अस्पताल प्रबंधन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर शहर के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। आग और धुएं की चपेट में आने से अस्पताल के कुछ कर्मचारी भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में भेजा गया है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत कार्य के दौरान अस्पताल के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा।
घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी प्रमोद डोबाल ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सभी मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है और घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रशासन ने अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।







