शिकायत से नाराज युवको ने जबरन पिलाया जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

जबलपुर। ललपुर नई बस्ती क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान हेमंत बर्मन के रूप में हुई है। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि कुछ दिन पहले हेमंत का क्षेत्र के कुछ युवकों से विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत उसने की थी। इसी शिकायत से नाराज होकर आरोपी पक्ष बदला लेने की फिराक में था।
परिजनों के अनुसार घटना वाले दिन चार लोग अचानक हेमंत के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने घर में घुसते ही हंगामा शुरू कर दिया और हेमंत के साथ विवाद करने लगे। जब परिवार के लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की। इसी दौरान आरोपियों ने जबरदस्ती हेमंत को जहरीला पदार्थ पिला दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
हेमंत की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन घबराकर उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान हेमंत ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते विवाद को गंभीरता से लिया जाता तो शायद हेमंत की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।







