देश

Heatwave Alert: महाराष्ट्र का वर्धा देश में सबसे गर्म, MP-राजस्थान समेत कई राज्यों में भीषण लू का प्रकोप

दिल्ली-राजस्थान में हीटवेव का कहर

नई दिल्ली,एजेंसी। देश में मौसम का मिजाज लगातार चरम पर पहुंचता जा रहा है। एक तरफ पश्चिम और मध्य भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

वर्धा और अमरावती बने देश के सबसे गर्म शहर

महाराष्ट्र के वर्धा और अमरावती शनिवार को देश के सबसे गर्म शहर दर्ज किए गए, जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं। वहीं उत्तर प्रदेश के बांदा में भी पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया।

दिल्ली-राजस्थान में हीटवेव का कहर

नई दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है। राजस्थान में गंभीर हीटवेव और गर्म रातों को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। हरियाणा, पंजाब, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कई जिलों में भी लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 19 मई को उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है।

मध्यप्रदेश में लगातार बढ़ रहा तापमान

मध्य प्रदेश में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में हालात सबसे ज्यादा गंभीर बताए जा रहे हैं। बीते 24 घंटों में नौगांव और खंडवा सबसे गर्म रहे, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश के 15 शहरों में तापमान 43 डिग्री या उससे ऊपर पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने रतलाम, खरगोन और खंडवा में तीव्र लू का अलर्ट जारी किया है।

गुजरात में जानवरों के लिए AC और बर्फ का इंतजाम

गुजरात के एकता नगर स्थित सरदार पटेल जूलॉजिकल पार्क में गर्मी से राहत देने के लिए जानवरों और पक्षियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां AC, कूलर और स्प्रिंकलर लगाए गए हैं। वहीं वडोदरा के सायाजीबाग जूलॉजिकल पार्क में फॉगर, पानी के छिड़काव और बर्फ के टुकड़ों का उपयोग किया जा रहा है।

बिहार और पूर्वोत्तर में बारिश का अलर्ट

इसके विपरीत बिहार, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में 22 मई तक मौसम खराब रह सकता है। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी अगले दो दिनों तक मौसम में बदलाव के आसार हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button