उतरप्रदेशदेश

यूपी में मौसम का कहर: आंधी-तूफान और बिजली गिरने से 55 से ज्यादा मौतें

आंधी के दौरान एक महिला तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का भीषण कहर देखने को मिला। तेज आंधी, तूफान और आकाशीय बिजली ने प्रदेशभर में भारी तबाही मचा दी। शाम होते-होते कई जिलों में धूल भरी आंधी और तेज बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में 55 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

सबसे ज्यादा असर प्रयागराज, भदोही और फतेहपुर में देखने को मिला। प्रयागराज में 16, भदोही में 11 और फतेहपुर में 6 लोगों की मौत की सूचना है। इसके अलावा उन्नाव, बरेली, सीतापुर, प्रतापगढ़, कानपुर देहात, हरदोई और संभल में भी कई जानलेवा हादसे सामने आए हैं।

फतेहपुर में तेज आंधी के दौरान एक महिला तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई, जबकि कई लोग दीवार और पेड़ गिरने से मलबे में दब गए। उन्नाव में लखनऊ-कानपुर रेल रूट पर पेड़ गिरने से रेल यातायात प्रभावित हुआ और कई ट्रेनें देर से चलीं। वहीं गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज हवाओं के चलते साइन बोर्ड और सोलर प्लेटें उड़ गईं।

मौसम विभाग ने पहले ही तेज आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था। प्रशासन विभिन्न जिलों में राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button