ईदगाह हिल्स में 2 किलो गांजे के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

ईदगाह हिल्स में 2 किलो गांजे के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। क्राइम ब्रांच भोपाल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 30 ग्राम अवैध गांजे के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,गश्त के दौरान पुलिस कंट्रोल रूम के पास मुखबिर से सूचना मिली कि ईदगाह हिल्स (थाना शाहजहानाबाद) क्षेत्र में स्थित एक निर्माणाधीन मल्टी के पीछे एक महिला थैले में अवैध गांजा लेकर किसी ग्राहक की प्रतीक्षा कर रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (अपराध) अखिल पटेल और अति. पुलिस उपायुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच टीम ने घेराबंदी कर महिला को हिरासत में लिया। महिला ने पूछताछ में अपना नाम सुषमा यादव (55), निवासी गंजबासौदा (जिला विदिशा) बताया। तलाशी लेने पर उसके झोले से प्लास्टिक की पन्नी में रखा 2.030 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला के खिलाफ पूर्व में भी थाना बासौदा और क्राइम ब्रांच भोपाल में एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।







