चोरी की गाड़ी पर फर्राटा… पुलिस ने लगा दिया ब्रेक ,रानीताल चेकिंग में फंसा शातिर वाहन चोर, पुलिस ने पीछा कर दबोचा

जबलपुर। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत लार्डगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई 2 दुपहिया वाहन बरामद किए हैं।गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव उर्फ राज (25) पिता हेमंत झरिया, निवासी बधाया मोहल्ला हरिजन बस्ती, थाना गोहलपुर के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में लार्डगंज थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि रानीताल क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक एक्टिवा से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, जिससे संदेह हुआ। पुलिस टीम ने उसका पीछा कर गढ़ा फाटक के पास उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी वाहन के दस्तावेज नहीं दिखा सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने करीब 17-18 दिन पहले गढ़ा फाटक से एक एक्टिवा और करीब ढाई महीने पहले ओमती थाना क्षेत्र के कार्तिक होटल के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया।जांच में पता चला कि लार्डगंज थाने में एक्टिवा चोरी की रिपोर्ट पहले से दर्ज थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक्टिवा क्रमांक MP 21 MM 6488 और उसकी निशानदेही पर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 20 NE 4397 बरामद कर ली।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सराहनीय भूमिका:इस कार्रवाई में उप निरीक्षक आर.एस. एलाड़ी, आरक्षक पंकज, कुंदन और आदर्श की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







