ठगों ने ऐसा ‘डिजिटल प्रसाद’ लिया कि खाते में सन्नाटा छा गया,बैलेंस चेक किया तो दिल बैठ गया,3.78 लाख उड़ाकर बोले- धन्यवाद! पढ़िए जबलपुर शहर का अनोखा मामला खबर के अंदर वीडियो देखकर जाने कैसे हुई डिजिटल ठगी

जबलपुर यश भारत.जबलपुर में साइबर अपराध का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति के मोबाइल नंबर और बैंक खाते का दुरुपयोग कर ठगों ने कुछ ही दिनों में 3 लाख 78 हजार 765 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित गोविंद पचौरी, निवासी पटेल आटा चक्की के पास, जबलपुर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनका खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, रांझी ब्रांच में है। उनके खाते से मोबाइल नंबर के जरिए Navi UPI बनाकर अलग-अलग लोगों के खातों में रकम ट्रांसफर कर दी गई।पीड़ित के मुताबिक, उन्हें इस लेन-देन की कोई जानकारी नहीं थी और न ही मोबाइल पर किसी प्रकार का मैसेज या अलर्ट प्राप्त हुआ। जब खाते की जानकारी निकाली गई तो फर्जी ट्रांजेक्शन सामने आए।
दस्तावेजों के अनुसार आरोपियों ने अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर की—
₹90,000 – शिव प्रसाद के खाते में (5 मई 2026)
₹70,000 – आकाश कुमार के खाते में (6 मई 2026)
₹20,000 – आमिर सुहैल के खाते में (6 मई 2026)
₹1,00,000 – मोहम्मद उबैद अंसारी के खाते में (7 मई 2026)
₹98,765 – जयेश चौहान के खाते में (9 मई 2026)
इस तरह कुल ₹3,78,765 की रकम खाते से पार कर दी गई। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि किसी ने उनके मोबाइल नंबर का गलत इस्तेमाल कर फर्जी UPI आईडी बनाई और बैंक खाते को लिंक कर रकम निकाल ली।पीड़ित ने कोतवाली थाना और साइबर सेल से मामले की जांच कर रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।







