मध्य प्रदेशराज्य

लोकायुक्त की कार्रवाई: प्रधानमंत्री आवास की किश्त के लिए रिश्वत लेते पंचायत सचिव रंगे हाथ ट्रैप

दमोह ।जिले के तेजगढ़ ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किश्त जारी करने और जियो टैगिंग करने के एवज में रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। लोकायुक्त सागर की टीम ने कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव और एक चौकीदार को ₹6 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग सागर द्वारा यह ट्रैप कार्रवाई 11 मई 2026 को की गई।

आवेदक महेन्द्र कोष्टी (37) निवासी ग्राम तेजगढ़ जिला दमोह ने लोकायुक्त कार्यालय सागर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी उषा कोष्टी के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ है। दूसरी किश्त जारी करने और जियो टैगिंग करने के बदले पंचायत सचिव द्वारा ₹10 हजार रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी सचिव पहले ही ₹4 हजार ले चुका था। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर रविवार को ग्राम पंचायत तेजगढ़ में कार्रवाई की और शेष ₹6 हजार रिश्वत लेते हुए पंचायत सचिव जुगराज सिंह तथा चौकीदार गुड्डा रैकवार को रंगे हाथ पकड़ लिया।

आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—

जुगराज सिंह (49) — सचिव, ग्राम पंचायत तेजगढ़

गुड्डा रैकवार (60) — चौकीदार, ग्राम पंचायत तेजगढ़

कार्रवाई लोकायुक्त निरीक्षक मंजू किरण तिर्की, निरीक्षक रंजीत सिंह एवं लोकायुक्त सागर की टीम द्वारा की गई। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button