छह माह से खुदी पड़ी साइड रोड बनी हादसों की वजह मझौली बायपास से मनसकरा मार्ग पर रहवासी परेशान,
बारिश से पहले बढ़ी चिंता

सिहोरा। मझौली बायपास तिराहा से मनसकरा रोड तक चल रहा सड़क निर्माण कार्य पिछले छह माह से अधूरा पड़ा है। सड़क के दोनों किनारों की खुदाई के बाद काम बंद होने से वार्ड क्रमांक 3 और 4 के रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालक आए दिन सड़क किनारे फिसलकर घायल हो रहे हैं, वहीं राहगीरों के लिए भी आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है।
नगर पालिका अध्यक्ष और विधायक ने नवंबर 2025 में सड़क के डामरीकरण, डिवाइडर और सेंट्रल लाइटिंग कार्य का भूमिपूजन बड़े जोर-शोर से किया था। ठेकेदार फर्म अंशुमान कंस्ट्रक्शन ने सड़क के दोनों हिस्सों को खोदकर एक तरफ गिट्टी डाल दी, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया। सड़क किनारे दो से तीन फीट गहरी खुदाई होने से वाहन हल्का सा उतरते ही असंतुलित हो जाते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं। एक माह बाद बारिश शुरू होने वाली है, ऐसे में कीचड़ और जलभराव से हालात और खराब होने की आशंका जताई जा रही है। रहवासियों का कहना है कि जिम्मेदार सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन मौके पर काम शुरू नहीं हो रहा।
खास-खास
योजना : मुख्यमंत्री अधोसंरचना चतुर्थ चरण
भूमिपूजन : 19 नवंबर 2025
निर्माण लागत : 3 करोड़ रुपए
सड़क लंबाई : लगभग 1100 मीटर
इनका कहना
ठेकेदार को दो नोटिस जारी किए जा चुके हैं और एक नोटिस और भेजा जाएगा। काम शुरू नहीं होने पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
जय चौहान, प्रभारी नगर पालिका सीएमओ सिहोरा






