शातिर बदमाश पुलिस की गिरफ्त में : चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी ने बताया कि नवागत पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में जिले में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 7 मई 2026 को ग्राम बोरदेई थाना डूंडासिवनी निवासी मोहम्मद आरिफ पिता साजिद खान ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एमयू 3923, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है, अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई है। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 353/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की और संदेही विकास सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने साथी रवि लोधी के साथ मिलकर मंगलीपेठ क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी विकास सोनी, उम्र 25 वर्ष, निवासी भैया कबाड़ी के पीछे टपरा मोहल्ला भगत सिंह वार्ड सिवनी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी विकास सोनी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, नकबजनी, मारपीट एवं आर्म्स एक्ट सहित कुल पांच अपराध दर्ज हैं। वहीं फरार आरोपी रवि लोधी की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश तिवारी सहित प्रधान आरक्षक मुकेश गोडाने, आरक्षक सतीश इनवाती, सिद्धार्थ दुबे एवं सौरभ ठाकुर की विशेष भूमिका रही।






