कटनी

12 घंटे बाद महानदी में मिली किशोर की लाश, गोताखोरों ने रात भर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, दोस्तों के साथ नहाने गया था 15 वर्षीय किशोर अनुपम

कटनी, यशभारत। बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सुड्डी स्थित महानदी पुल के पास संगम घाट में शुक्रवार शाम दोस्तों के साथ नहाने गए 15 वर्षीय किशोर की लाश रात करीब 1 बजे मिली। इस दौरान गोताखोरों ने करीब 12 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाते हुए रेस्क्यू किया। बालक की लाश मिलने के बाद शव को बड़वारा अस्पताल भेजा गया। आज शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। बड़वारा थाना प्रभारी के के पटेल ने बताया कि बरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिमरियासानी निवासी 15 वर्षीय अनुपम गुप्ता पिता शिवप्रकाश गुप्ता शुक्रवार शाम करीब 4 बजे अपने दोस्तों के साथ महानदी के संगम घाट पर नहाने के लिए घर से निकला था। नहाने के दौरान अनुपम अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ आए दोस्तों ने जब उसे आंखों से ओझल होते देखा तो शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की लेकिन पानी गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही बड़वारा थाना प्रभारी के के पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एनडीआरएफ की टीम शुक्रवार रात करीब 11 बजे मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी के भीतर और आसपास के क्षेत्रों में बालक की तलाश शुरू की। रात के अंधेरे और नदी के बहाव के बावजूद रेस्क्यू टीम मुस्तैदी से जुटी रही। करीब 12 घंटे की मेहनत के बाद बालक की लाश मिली। लाश मिलते ही पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने कहा कि घटना के हर पहलू पर जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button