मुख्यमंत्री कल स्लीमनाबाद मे, नर्मदा टनल परियोजना का लेंगे जायजा
सलैया और खरहनी में निर्माण कार्यों का करेंगे निरीक्षण; प्रशासन ने की व्यापक तैयारिया

मुख्यमंत्री कल स्लीमनाबाद में करेंगे जनसभा, नर्मदा टनल परियोजना का लेंगे जायजा
अग्रवाल धर्मशाला में करेंगे जनसभा को संबोधित,
सलैया और खरहनी में निर्माण कार्यों का करेंगे निरीक्षण; प्रशासन ने की व्यापक तैयारियां

कटनी,यशभारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल शुक्रवार को कटनी जिले के बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र के स्लीमनाबाद प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री स्लीमनाबाद स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे तथा शासन की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर आमजन से संवाद करेंगे। इसके बाद वे बहुप्रतीक्षित नर्मदा नहर टनल परियोजना के निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण करेंगे।
मुख्यमंत्री सलैया स्थित टनल निर्माण स्थल का जायजा लेने के साथ बहोरीबंद क्षेत्र के खरहनी पहुंचकर भी परियोजना की प्रगति का अवलोकन करेंगे। इस दौरान वे अधिकारियों से निर्माण कार्यों की अद्यतन जानकारी प्राप्त करेंगे और परियोजना की प्रगति की समीक्षा करेंगे। नर्मदा नहर टनल परियोजना को क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था और कृषि विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी आशीष तिवारी के निर्देशन में कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर को संपूर्ण कार्यक्रम का प्रभारी बनाया गया है, जबकि सुरक्षा, यातायात, मंच, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, पार्किंग, वीआईपी प्रबंधन, मीडिया समन्वय और अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र को नोडल अधिकारी तथा एसडीएम बहोरीबंद प्रदीप मिश्रा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, वीआईपी जोन, ग्रीन रूम, सेफ हाउस, प्रेसवार्ता स्थल और विभिन्न सेक्टरों में कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के नेतृत्व में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की निगरानी की जाएगी।
मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्लीमनाबाद, सलैया और खरहनी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल एवं टनल परियोजना का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि मुख्यमंत्री का कटनी प्रवास सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।







