जबलपुर यश भारत. कटंगी बायपास स्थित Asian Paints और Reliance Industries से जुड़े गौतम नाहटा के लॉजिस्टिक्स पार्क में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना मिलते ही महापौर जगत बहादुर अन्नू ने तत्काल संज्ञान लिया। बताया जा रहा है कि आग नगर निगम सीमा से बाहर होने के बावजूद उनके निर्देश पर दमकल की 6 गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं।फिलहाल दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं।
आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है और नुकसान का आंकलन भी बाकी है।आग की भयावहता को देखते हुए पूरे शहर की नजर अब कटंगी बायपास पर टिकी हुई है।घटना की सूचना मिलते ही madhotalथाना क्षेत्र का पूरा पुलिस बल, प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया और मोर्चा संभाल लिया।आग इतनी भयावह थी कि उसकी ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वेयरहाउस में विभिन्न कंपनियों का इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, खाद्य सामग्री और खाद्य तेल सहित अन्य उत्पाद बड़ी मात्रा में संग्रहित थे। देर रात करीब 11:15 बजे आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाना पड़ा।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग तेजी से पूरे वेयरहाउस में फैल गई, जिससे वहां रखा करोड़ों रुपये का माल जलकर खाक होने की आशंका है। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को भी तैनात किया गया।बताया जा रहा है कि वेयरहाउस में खाद्य तेल रखे होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप लिया। कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने के लिए स्प्रिंकलर सिस्टम चालू किया, लेकिन आग की तीव्रता के आगे वह भी बेअसर साबित हुआ।फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।