तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-रिक्शा में सवार महिला की मौके पर मौत : रहवासियों में आक्रोश , लगाया जाम

रीवा। जिले के गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाइवे-30 पर ग्राम घूमा में ओवरब्रिज के समीप तेज रफ्तार कार की ठोकर से ई-रिक्शा में सवार महिला की मौके पर मौत हो गई। इस हादसे में मृतका का पति घायल हुआ है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मृतक परिवार को शासकीय सहायता दिए जाने की मांग करते हुए शव को नहीं उठाने दिया।
तहसीलदार के लिखित आश्वासन मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
पुलिस के मुताबिक दोपहर लगभग 2.30 बजे हुए इस सड़क हादसे में ई-रिक्शा में सवार शीला साकेत पति सुनील 32 वर्ष निवासी लौरी नंबर-1 थाना गढ़ की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अवनीश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार से जुड़े लोग बड़ी सं या में वहां पहुंच गए और आर्थिक मदद की मांग की। हालांकि इस दौरान हाइवे को जाम नहीं किया, बल्कि एक किनारे ही शव को रखकर अपनी मांग पर अडिग रहे। त्योंथर तहसीलदार राजेंद्र शुक्ला के पहुंचने पर लिखित आश्वासन के बाद शाम लगभग 6.30 शव को वहां से मर्चुरी के लिए भेजा जा सका। तहसीलदार ने संबल कार्ड होने पर शासन के नियमानुसार राशि दिए जाने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही अंतिम संस्कार के लिए 5 हजार की सहायता राशि, बच्चों की शिक्षा आदि के लिए महिला बाल विभाग विभाग से नियमानुसार सहायता दिलाने और जनजातीय विभाग से भी नियमानुसार सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया गया है। मृतका का पोस्टमार्टम सोमवार को होगा। पुलिस ने बताया कि कार को जब्त कर लिया गया है।
इस हादसे में जहां महिला की मौत हो गई, वहीं रोजी-रोटी का साधन ई-रिक्शा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने बताया कि मृतका अपने पति के साथ ई-रिक्शा से प्रयागराज यूपी जाने के लिए निकली थी, लेकिन यह हादसा हो गया।







