बड़ा हादसा : यात्री बस पहाड़ी से टकराई… मच गया हड़कंप

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर बंजारी माता मंदिर के समीप गुरुवार शाम को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहाड़ी से जा टकराई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि बस को काफी नुकसान पहुंचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री बस सिवनी से जबलपुर की ओर जा रही थी। जब बस बंजारी घाटी के पास पहुंची, तभी चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और बस सड़क किनारे स्थित पहाड़ी से टकरा गई। घटना के समय बस में कई यात्री सवार थे, लेकिन सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, वहीं स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वह क्षेत्र काफी व्यस्त माना जाता है और यहां दिनभर लोगों तथा वाहनों का आवागमन बना रहता है। ऐसे में यदि बस पलट जाती या किसी अन्य वाहन से टकरा जाती, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार सामान्य थी, लेकिन घाटी क्षेत्र होने के कारण मोड़ पर संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही छपारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बस को सड़क किनारे से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बंजारी घाटी जैसे संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत न होने से सभी ने राहत की सांस ली है।
छपारा थाना प्रभारी खेमेन्द्र जेतवार का कहना है कि बस में सवार सभी लोग सुरक्षित है,दूसरी बस से यात्रियों को भेजा जा रहा है, घटनाक्रम की जांच की जा रही है।






