भोपालमध्य प्रदेश

अयोध्या नगर में पुलिस आयुक्त ने किया जनसंवाद, नागरिकों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए निर्देश

अयोध्या नगर में पुलिस आयुक्त ने किया जनसंवाद, नागरिकों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए निर्देश

​भोपाल, यशभारत। शहर में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और साइबर सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने अयोध्या नगर के गुजराती मोहल्ला क्षेत्र में नागरिकों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान क्षेत्र के निवासियों ने सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को पुलिस आयुक्त के समक्ष रखा।

​असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों पर जताई चिंता
संवाद के दौरान नागरिकों ने बताया कि झुग्गी क्षेत्रों में जुआ और आपसी विवाद की घटनाओं से कॉलोनी का माहौल प्रभावित हो रहा है। साथ ही, रात के समय शराब के नशे में घूमने वाले असामाजिक तत्वों के कारण आमजन, विशेषकर महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं। क्षेत्रवासियों ने मांग की कि रात में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।

​सुरक्षा के लिए बुनियादी ढांचे में सुधार की मांग
नागरिकों ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, बेहतर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़कों पर स्पीड ब्रेकर लगवाने के सुझाव भी दिए।

​पुलिस आयुक्त ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
जनता की शिकायतों को सुनने के बाद पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि दिखने पर तुरंत डायल 112 पर सूचना दें।

शपथ और जागरूकता कार्यक्रम
कार्यक्रम के अंत में पुलिस आयुक्त ने नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। साथ ही, वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए लोगों को डिजिटल सुरक्षा के टिप्स दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button