कटनीजबलपुरमध्य प्रदेश

ब्रेकिंग : मां से विवाद, मासूम बेटे से लिया बदला, किराना दुकान संचालक ने की थी हत्या

कटनी, यशभारत। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खैरहाई निवासी 4 वर्षीय मासूम बालक अंशू बर्मन की निर्मम हत्या के आरोपी को विजयराघवगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए अंधे हत्यकांड का पर्दाफाश कर दिया है। आरोपी ने मासूम बालक की मां के साथ करीब डेढ़ महीने पहले हुए मामूली विवाद का बदला लेने के लिए अंशू बर्मन की निमर्मतापूर्वक हत्या कर दी।

 

हत्या के बाद उसकी लाश को बोरी में भरकर ले गया और पॉलीथीन में पैक करने के बाद घटनास्थल पर फेंक दी। आरोपी व्यक्ति कैमोर का रहने वाला है और उसकी ग्राम खैरहाई में मृतक के घर के सामने किराना की दुकान है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज किया है और वारदात में प्रयुक्त सामान भी जब्त किया है। इस घटना के बाद से ही पूरे गांव में मातम पसरा हुआ था।

 

गौरतलब है कि विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत परसवारा के ग्राम खैरहाई निवासी नरेश बर्मन का 4 वर्षीय पुत्र अंशू बर्मन बुधवार की शाम घर से अचानक को लापता हो गया था। अंशू के लापता होने के बाद परिजन चिंतित हो गए और गांव में सभी संभावित स्थानों पर उसकी खोजबीन शुरू की लेकिन जब उसका कहीं पता नहीं चला, तब परिजन रात करीब 11.30 बजे विजयराघवगढ़ थाने पहुंचे और बालक के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी रीतेश शर्मा ने मामले की गंभीरता समझते हुए तत्काल धारा 363 के तहत अपहरण का मामला दर्ज किया और जांच पड़ताल शुरू कर दी। विजयराघवगढ़ पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज करने के बाद रात 12 बजे से लेकर सुबह 4 बजे तक गांव के एक-एक घर की सर्चिंग की, लेकिन बालक का कुछ पता नहीं चला।

 

पुुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि इसी बीच रहस्यमय तरीके से लापता हुए मासूम का शव सडक़ के किनारे पॉलिथीन में पैक मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस अमला मौके पर पहुंचा और कार्यवाही शुरू की। बालक का शव कैमोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गांजर-हर्रैया मार्ग के किनारे पॉलिथीन में मिला। सूचना मिलते ही मृतक के परिवार के लोगों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बालक की पहचान की। इस घटना से समूचे ग्राम में मातम फैल गया।

 

मां से डेढ़ महीने किसी बात को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने पत्रकार वार्ता में बताया कि विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खैरहाई मेें कैमोर निवासी ओमप्रकाश गौतम की किराना दुकान है। उसकी दुकान के ठीक सामने मृतक अंशू बर्मन भी रहता था। करीब डेढ़ महीने पहले उसकी मां से किसी बात को लेकर किराना दुकान संचालक ओमप्रकाश गौतम का विवाद हो गया था। विवाद के बाद से ही वह मन में रंजिश रखा हुआ था और बदला लेने की फिराक में था।

 

एसपी ने बताया कि विगत दिवस जब अंशू आरोपी की किराना दुकान में माजा लेने आया था, तभी आरोपी ने उसको मुक्का मारकर घायल कर दिया और इसके बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद उसकी लाश पॉलीथीन में पैक करने के बाद अपने घर हरैया जाते समय रास्ते मे फेंक दी। पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश उर्फ राजा गौतम निवासी हरैया जो गिरफ्तार किया है।

 

इनकी रही सराहनीय भूमिका

वारदात का पर्दाफाश करने में आईजी जबलपुर अनिल कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के निर्देशन, एडीशनल एसपी डॉ संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी विजयराघवगढ़ के पी सिंह के मार्गदर्शन में विजयराघवगढ़ थाना रीतेश शर्मा एवं उनि योगेश मिश्रा, सउनि जय सिंह ठाकुर, जगदीश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक प्रेम पटेल, राजकुमार शर्मा, अरविंद गर्ग, आरक्षक सतेन्द्र सायवर से कटनी, आरक्षक विनोद गायकवाड़, पप्पू प्रजापति, सुरेन्द्र ठाकुर आरक्षक चालक मज्जू कोल की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button