डिजिटल अरेस्ट : एक लाख 80 हजार की ठगी, अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाकर ठगे रूपए, कानपुर उत्तर प्रदेश से एक आरोपी गिरफ्तार

कटनी/शाहनगर, यशभारत। पन्ना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को कानपुर उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा शाहनगर थाना क्षेत्र निवासी फरियादी के साथ फोन पर अश्लील वीडियो देखने का झूठा आरोप लगाकर गिरफ्तारी का डर दिखाकर 1 लाख 80 हजार 800 रूपए की सायबर ठगी की थी। शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल एवं नगदी जप्त की है। पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना शाहनगर क्षेत्र में घटित एक गंभीर डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में फरियादी ग्राम रामपुर खजरी थाना शाहनगर निवासी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 10 फरवरी को उसके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा कॉल कर स्वयं की पहचान छुपाते हुए उसे अश्लील वीडियो देखने एवं प्रसारित करने का झूठा आरोप लगाकर बदनाम करने, स्वयं व परिवार के सदस्यो की गिरफ्तारी की धमकी दी गई। अज्ञात आरोपी द्वारा फरियादी को डराकर विभिन्न फोन पे नंबरों पर पैसे ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया गया। भय एवं बदनामी के कारण फरियादी द्वारा 10 फरवरी से 28 मार्च के बीच 1 लाख 80 हजार 800 रूपए की राशि अलग-अलग खातों एवं यूपीआई नंबरों पर ट्रांसफर की गई। रिपोर्ट पर शाहनगर थाने में धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
एसपी ने बनाई टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पन्ना द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना सुश्री वन्दना चौहान एवं एसडीओपी पवई श्रीमती भावना दांगी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शाहनगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई तथा तकनीकी सहयोग हेतु साइबर सेल को निर्देशित किया गया। गठित पुलिस टीम द्वारा फरियादी से प्राप्त मोबाइल नंबर एवं बैंक यूपीआई ट्रांजेक्शन की गहन जांच की गई। संदिग्ध फोन पे यूपीआई आईडी एवं बैंक खातों की केवायसी डिटेल प्राप्त कर उनका विश्लेषण किया गया। खातों से संबंधित एटीएम विड्रॉल, लोकेशन डेटा एवं सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म अध्ययन किया गया। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्ध मोबाइल नंबरों को चिन्हित कर उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं सतत पतारसी के आधार पर आरोपी की लोकेशन कानपुर में चिन्हित होने पर पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने कानपुर में दी दबिश
पुलिस टीम ने कानपुर में दबिश देकर मामले के मुख्य आरोपी संजय कुमार पिता गौतम रामधारी गौतम 37 वर्ष ग्राम बिडहार, थाना अहरौला, आजमगढ़ उत्तरप्रदेश हाल निवासी गंगागंज, थाना पनकी, जिला कानपुर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई। पूछताछ पर आरोपी द्वारा घटना किया जाना स्वीकारी करते हुये बताया की मै और मेरे दो अन्य दोस्तो के मिलकर हम अश्लील वीडियो देखने पर गिरफ्तारी का डर दिखाकर डिजिटल अरेस्ट कर सायबर ठगी करते थे। मामले में अन्य दो आरोपीए जो पूर्व में अन्य प्रकरणों में कानपुर उत्तर प्रदेश मे गिरफ्तार हो चुके हैं को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ किये जाने की कार्यवाही की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी शाहनगर परशुराम डाबर, एसआई मनोज यादव, एएसआई रंजीत कुजूर, आरक्षक रविन्द्र अहिरवार, राकेश सिंह एवं सायबर सेल टीम का सराहनीय योगदान रहा।





