कटनी

लूट और बमबाजी के आरोपी पुलिस गिरफ्त में, बम पटककर फैलाई दहशत, रंगनाथनगर पुलिस ने दबोचकर भेजा जेल

कटनी, यशभारत। रंगनाथ नगर पुलिस ने लूट की वारदात के बाद फरियादी को धमकाने और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज न करने का दबाव बनाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमार और सुमित रैकवार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार 6 सितंबर को दीपक सिंह अपने घर जा रहा था, तभी श्मशान भूमि बांउडी के पास गड्ढा टोला क्षेत्र में पहुंचने पर अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमार और उसके साथियों ने उसे रोककर गाली गलौज की तथा शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने उसकी जेब से 2800 रुपये निकाल लिए और मारपीट की। इसके बाद अर्जुन ने चाकू दिखाकर उसे डराया और पुलिस में शिकायत करने पर जान से खत्म करने की धमकी दी।
रिपोर्ट न करने के लिए घर के पास की बमबारी
लूट की घटना के बाद आरोपियों द्वारा फरियादी को भयभीत करने के उद्देश्य से उसके परिजनों के घरों के आसपास बमबारी कर दहशत फैलाने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक 6 सितंबर की शाम करीब 7.30 बजे दीपक सिंह का भाई विक्रम सिंह अपनी बड़ी मम्मी के घर के सामने खड़े थे। इसी दौरान अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमर, सुमित रैकवार और अन्य साथी वहां पहुंचे और घर के बाजू की दीवार की ओर सुअर बम फेंका। बम फटने की आवाज सुनकर फरियादी डर के कारण मौके से भाग गया। घटनास्थल से बम फटने का सामान भी बरामद किया गया। शिकायत पर रंगनाथ नगर थाने में दोनों घटनाओं के संबंध में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए रंगनाथ नगर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमर और सुमित रैकवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।
आदतन अपराधी है अर्जुन
पुलिस के अनुसार अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमर आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कटनी जिले के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी संकलित कर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई में रंगनाथ नगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय, एएसआई बहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक प्रमोद सिंह, प्रधान आरक्षक महेंद्र दुबे, प्रधान आरक्षक पवन पाठक, प्रधान आरक्षक अजय तिवारी, आरक्षक वीरेंद्र दहायतए आरक्षक माधव साहू सहित पुलिस बल की भूमिका रही।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button