यात्री का बैग लेकर फरार हो गया बदमाश, चलते आटो में वारदात, पीडि़त ने आटो चालक पर जताया संदेह, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

कटनी, यशभारत। रेलवे स्टेशनों पर ऑटो चालकों की मनमानी और यात्रियों के साथ लूटपाट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कटनी जंक्शन से साउथ स्टेशन के बीच सक्रिय ऑटो गैंग ने एक बार फिर एक परिवार को अपना निशाना बनाया है। सवारी से मनमाना किराया वसूलने के साथ ही अब यात्रियों के सामान पर भी हाथ साफ किया जा रहा है। ताजा मामले में उमरिया जिले के पीडि़त परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली निवासी यादवेंद्र सिंह पिता रावेंद्र सिंह 26 अप्रैल को अपने परिवार के साथ लखनऊ से कटनी स्टेशन पहुंचे थे। सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच उन्होंने साउथ स्टेशन जाने के लिए एक ऑटो किराए पर लिया। पीडि़त का आरोप है कि ऑटो चालक कमाल हुसैन ने खुद उनका बैग उठाकर ऑटो के पिछले हिस्से में रखा और जान बूझकर बैग के पास एक अज्ञात व्यक्ति को बिठा दिया। सफर के दौरान ही मौका पाकर शातिर चोरों ने बैग की चेन खोलकर उसमें रखे सोने चांदी के कीमती जेवरात और नकदी पार कर दी। यादवेंद्र सिंह के अनुसार बैग से झुमका, टप और पंचाली, चांदी के आभूषण, 500 ग्राम का चांदी का डोरा, 500 ग्राम की दो जोड़ी पायल 250-250 ग्राम और छह बिछिया और 5 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए गए है। पीडि़त का आरोप है कि इस पूरी वारदात में ऑटो चालक की मिलीभगत है। घटना के तुरंत बाद 26 अप्रैल को ही रंगनाथ नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। कटनी जंक्शन और साउथ स्टेशन के बीच ऑटो चालकों द्वारा यात्रियों को डराने धमकाने और लूटने की यह पहली घटना नहीं है। मनमाना किराया वसूलने और विरोध करने पर मारपीट की शिकायतें आती रहती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने जल्द ही इन ऑटो गिरोहों पर लगाम नहीं कसी तो कटनी रेलवे स्टेशन यात्रियों के लिए असुरक्षित बन जाएगा।
एसपी कार्यालय पहुंचा पीडि़त परिवार
बुधवार को यादवेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ कटनी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आवेदन सौंपकर मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों की पहचान की जाए और उनके जीवन भर की कमाई जेवरात वापस दिलाई जाए।





