बुजुर्ग महिला से 85 हजार की ठगी, नलजल योजना का लाभ दिलाने के नाम पर बनाया शिकार

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत समदडिय़ा सिटी निवासी एक बुजुर्ग महिला के साथ एक शातिर ठग ने नलजल योजना का लाभ दिलाने के नाम पर एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बनाते हुए हजारों रुपये की चपत लगा दी। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार समदडिय़ा सिटी निवासी 62 वर्षीय रेखा तिवारी पति महेंद्र कुमार तिवारी को एक अज्ञात जालसाज ने संपर्क किया। ठग ने खुद को सरकारी विभाग या योजना से जुड़ा बताते हुए झांसा दिया कि वह उन्हें शासन की महत्वाकांक्षी नल जल योजना का लाभ दिला सकता है। इस दौरान उसने दस्तावेजों और प्रक्रिया शुल्क के नाम पर महिला का विश्वास जीता। ठग ने इतनी चतुराई से बात की कि पीडि़ता उसकी बातों में आ गई। आरोपी ने अलग अलग बहानों से पीडि़ता से 85 हजार रुपये की राशि ऐंठ ली। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी योजना का कोई लाभ नहीं मिला और आरोपी ने संपर्क काटना शुरू किया, तब महिला को ठगी का अहसास हुआ। शनिवार दोपहर करीब 2.45 बजे पीडि़ता ने माधवनगर थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। माधवनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।






