मप्र पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल: 36 निरीक्षकों के तबादले, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से लौटे और भेजे गए अधिकारी

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने पुलिस स्थापना बोर्ड के अनुमोदन के बाद प्रदेश में 36 निरीक्षकों और कार्यवाहक निरीक्षकों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में मुख्य रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों (बालाघाट और मण्डला) में अपनी 2 वर्ष की अनिवार्य सेवा पूरी करने वाले 18 अधिकारियों को नई पदस्थापना दी गई है, जबकि उनकी जगह 18 अन्य निरीक्षकों को नक्सल मोर्चे पर तैनात किया गया है। पुलिस महानिदेशक द्वारा 24 अप्रैल 2026 को जारी इस आदेश के तहत, अधिकारियों को समय सीमा में कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
नक्सल क्षेत्रों से वापस लौटने वाले अधिकारियों में प्रमुख रूप से स्वप्निल दास (जबलपुर), सुनील उईके (छिंदवाड़ा), नरेन्द्र सिंह यादव (भोपाल ग्रामीण) और महेन्द्र सिंह राठौर (भोपाल नगरीय) शामिल हैं। वहीं, नक्सल प्रभावित जिलों में भेजे जाने वाले अधिकारियों में प्रकाश चंद सेन (मंडला), अनूप कुमार नामदेव (बालाघाट), सत्येन्द्र रघुवंशी (मंडला) और रंजीत सिंह राजपूत (बालाघाट) जैसे नाम शामिल हैं। आदेश के अनुसार, संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक इन अधिकारियों के आगमन पर उनके कार्यक्षेत्र का आवंटन करेंगे। यदि कोई अधिकारी वर्तमान में निलंबित है, तो उसे कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा।







