दूध उत्पादक किसानों को बड़ी राहत की तैयारी, उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार बनाएगी नई रणनीति

दूध उत्पादक किसानों को बड़ी राहत की तैयारी, उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार बनाएगी नई रणनीति
भोपाल यश भारत। मध्यप्रदेश में दूध उत्पादन में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बीच राज्य सरकार अब दुग्ध उत्पादक किसानों को विशेष राहत देने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों को प्रोत्साहन और सुविधाएं बढ़ाकर डेयरी क्षेत्र को और मजबूत किया जाए। शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में मध्यप्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन की राज्य स्तरीय संचालन समिति की द्वितीय बैठक आयोजित हुई, जिसमें डेयरी सेक्टर के विस्तार और किसानों को राहत देने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री लखन पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के अध्यक्ष मीनेष शाह भी बैठक में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछले दो वर्षों में दूध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है जिसे बनाए रखने और आगे बढ़ाने के लिए किसानों को आर्थिक और तकनीकी सहायता देना जरूरी है। सरकार जल्द ही ऐसी योजनाएं लागू करेगी, जिससे दुग्ध उत्पादकों को बेहतर मूल्य, बाजार और सुविधाएं मिल सकें। बैठक में डेयरी नेटवर्क को मजबूत करने सहकारी ढांचे को विस्तार देने और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गांव स्तर तक डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा देकर किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित की जाए।
सरकार का मानना है कि डेयरी सेक्टर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसे मजबूत करने से न केवल किसानों की आमदनी बढ़ेगी बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।







