दो पक्षों में विवाद :ताबड़तोड़ फायरिंग में गोली लगने से 70 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल…3 आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियरlग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में बिजली का तार डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग भी कर दी गई। गोली लगने से 70 वर्षीय एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 3 से 4 अन्य लोग मारपीट में घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है अन्य आरोपी अभी फरार है जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के हीरानगर निवासी 70 वर्षीय बृजमोहन भदौरिया के पास ही प्रताप सिंह का घर है। देर रात प्रताप सिंह के बेटे शिव प्रताप और अन्य परिजन बिजली के पोल से अवैध रूप से कनेक्शन जोड़ने की कोशिश कर रहे थे। इस पर बृजमोहन भदौरिया और उनके परिजनों ने विरोध किया। विरोध के बाद विवाद बढ़ा तो शिव प्रताप की ओर से मनोज, रवि, पंकज, विक्कू जादौन, शिवम पवैया और शिव सिंह तोमर ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और फिर गोलीबारी शुरू कर दी। फायरिंग में बृजमोहन के पेट और बाजू में दो गोलियां लगीं। वहीं, अभय, राकेश और सुरेश नामक परिजनों को लाठी-डंडों से चोटें आई हैं। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुरानी छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को हजीरा सिविल अस्पताल पहुंचाया। सीएसपी नागेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली का कनेक्शन जोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो गोलीबारी में बदल गया। इस घटना में एक बुजुर्ग को गोली लगी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. तीन आरोपियों की पुलिस ने गिरफ्तारी की है. अन्य आरोपियों की अभी तलाश की जा रही हैl







