नो एंट्री प्वाइंट के पास खड़े ट्रक से डीजल चोरी, यातायात पुलिस सवालों के घेरे में
गश्त के दावों के बीच चोरों के हौसले बुलंद, ट्रक मालिक ने थाने में दी शिकायत

जबलपुर, यशभारत। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। माढोताल थाना क्षेत्र के कटंगी बाईपास स्थित पुलिस प्वाइंट के पास खड़े एक ट्रक से डीजल चोरी होने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां पुलिस की मौजूदगी और नियमित गश्त के बावजूद अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक मालिक निहाल जैन ने माढोताल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका ट्रक क्रमांक एमपी 20 जेड वी 5529 को चालक मोहित पाठक द्वारा 24 अप्रैल की रात कटंगी बाईपास स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़ा किया गया था। रात के दौरान अज्ञात तत्वों ने ट्रक से डीजल चोरी कर लिया। सुबह जब चालक ने ट्रक की जांच की तो उसमें डीजल की मात्रा काफी कम पाई गई, जिसके बाद चोरी का पता चला। घटना से पीड़ित सहित स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है, क्योंकि यह वारदात ठीक पुलिस प्वाइंट के पास हुई है, जहां आमतौर पर पुलिस की निगरानी और गश्त रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस प्वाइंट के पास ही इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, तो अन्य क्षेत्रों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।







