मध्य प्रदेशराज्य

पानी मांगने पर बारातियों को बेरहमी से पीटा : सिर फटने के बाद दूल्हा बिना दुल्हन के ही लौटा

यशभारत डिंडोरी । गाड़ासरई थाना अंतर्गत ग्राम चरखुटिया में एक वैवाहिक कार्यक्रम में बारातियों को पानी मांगना महंगा पड़ गया। पानी मांगने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बारातियों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी गई। साथ ही बारातियों के चार पहिया वाहनों में तोड़-फोड़ भी की गई। घटना के बाद दूल्हा बिना शादी किए ही बारात लेकर वापस लौट गया। पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गुरुवार को घायल एक्सरे कराने जिला अस्पताल पहुंचे।

जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार देर रात की है। बताया गया कि मंडप के नीचे खाना खाने के बाद बारातियों द्वारा पानी की मांग की गई। इस पर घरातियों से उनकी बहसबाजी शुरू हो गई। इसी बीच गांव के अन्य ग्रामीण भी आ गए और बारातियों को खदेड़कर मारपीट करने लगे। मारपीट से दूल्हे के पिता, भाई और चाचा सहित कुछ अन्य बारातियों को भी चोटें आईं। दूल्हे के चाचा जागेश्वर बैरागी की मानें तो उनके भतीजे शनि बैरागी की बारात मंडला जिले के नारायणगंज से डिंडौरी जिले के बजाग विकासखंड अंतर्गत ग्राम चरखुटिया में गंगवाल परिवार के यहां आई थी।

दुल्हन पक्ष पर मारपीट का आरोप, सिर में आए छह टांके और मोबाइल भी तोड़े – आरोप लगाया गया कि शादी के दरमियान पीने के लिए पानी मांगने पर दुल्हन पक्ष के लोग नाराज हो गए। उनके बेटे ऋषभ के चोट आने पर सिर में छह टांके लगाए गए हैं। बताया गया कि बाराती पक्ष के चार पहिया वाहन और बस क्षतिग्रस्त कर दी गई है। इसके अलावा वीडियो बनाने के दौरान चार मोबाइल भी तोड़ दिए गए। घटना के बाद बारातियों ने डायल 112 पुलिस सेवा को जानकारी दी। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही बाराती पक्ष के लोग वहां से निकल पाए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, वीडियो के आधार पर होगी कार्रवाई

गाड़ासरई थाना प्रभारी अमृत लाल तिग्गा से प्राप्त जानकारी अनुसार रात लगभग तीन बजे के आसपास घटना की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी। अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बताया गया कि वीडियो के आधार पर जो भी सामने आएगा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है ताकि उपद्रवियों की पहचान की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button