“काम में सुस्ती बर्दाश्त नहीं”—समय-सीमा बैठक में निगमायुक्त का सख्त अल्टीमेटम

“काम में सुस्ती बर्दाश्त नहीं”—समय-सीमा बैठक में निगमायुक्त का सख्त अल्टीमेटम

कटनी, यशभारत। नगर निगम की समय-सीमा बैठक में इस बार कड़ा संदेश दिया गया। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों को साफ चेतावनी दी कि योजनाओं में देरी और लापरवाही अब बिल्कुल स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का फोकस कागजी प्रगति नहीं, बल्कि जनता को जमीन पर लाभ पहुंचाने पर होना चाहिए।
बैठक में जनसुनवाई, न्यायालयीन प्रकरणों और लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी मामलों के समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए गए। अवैध कॉलोनियों पर सख्ती, जर्जर भवनों की पहचान और बारिश से पहले कार्रवाई, साथ ही विकास कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना और अमृत योजना की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए निगमायुक्त ने कार्यों को गति देने, बिजली कनेक्शन और पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और सड़क चौड़ीकरण में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने को कहा गया।
जनगणना में भागीदारी बढ़ाने की अपील, 30 अप्रैल अंतिम मौका
निगमायुक्त ने नागरिकों से जनगणना की स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल तक ऑनलाइन फॉर्म भरने का अवसर है, जिससे आगे की सर्वे प्रक्रिया आसान होगी और योजनाओं के लिए सटीक डेटा उपलब्ध हो सकेगा।







