बड़े तालाब में डूबने से युवक की मौत

बड़े तालाब में डूबने से युवक की मौत
भोपाल,यशभारत। राजधानी के वीआईपी क्षेत्र श्यामला हिल्स थाना इलाके के बड़े तालाब में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान राहुल उम्र 33 साल के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राहगीरों ने तालाब में एक युवक को डूबते देखा था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुँची टीम ने जब युवक को बाहर निकाला, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। शिनाख्त होने के बाद जब परिजनों को इसकी सूचना दी गई, तो परिवार में मातम छा गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने आत्महत्या की है या यह किसी हादसे का परिणाम है।
श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया है। वही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के समय की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।







