नरसिंहपुर नगर पालिका में लिपिक रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
लोकायुक्त पुलिस की टीम की कार्रवाई

जबलपुर। लोकायुक्त पुलिस की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर में पदस्थ लिपिक संजय कुमार तिवारी को ₹25,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई योगेश देशमुख के निर्देश एवं मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
शिकायतकर्ता भीष्म नारायण सिंह राजपूत (निवासी शांति नगर, दमोह नाका, जबलपुर) ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें पेवर ब्लॉक कार्य का भुगतान मिलने के बाद भी एफडीआर और बैंक गारंटी लौटाने के लिए लिपिक द्वारा ₹52,000 की रिश्वत मांगी जा रही थी। बातचीत के बाद आरोपी ₹38,000 में राजी हुआ। शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर 8 अप्रैल को नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर के कंप्यूटर कक्ष में आरोपी को ₹25,000 लेते हुए पकड़ लिया।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धाराओं 7, 13(1)(B) और 13(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक बृज मोहन सिंह नरवरिया सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।







