भेल के खंडहरों में बन रही थी ज्वेलरी शॉप लूटने की योजना, पुलिस ने घेराबंदी कर 6 बदमाशों को दबोचा

भेल के खंडहरों में बन रही थी ज्वेलरी शॉप लूटने की योजना, पुलिस ने घेराबंदी कर 6 बदमाशों को दबोचा
भोपाल, यशभारत। राजधानी की गोविंदपुरा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी डकैती की साजिश को नाकाम कर दिया है। विजय मार्केट बरखेड़ा स्थित दो ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने की योजना बना रहे चार आदतन अपराधियों और दो नाबालिगों को पुलिस ने हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों पर राजधानी के अलग-अलग थानों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीसीपी जोन-2 विवेक सिंह ने बताया कि 3 अप्रैल की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिक्योरिटी लाइन के पास भेल के खंडहर क्वार्टरों में कुछ अपराधी हथियारों के साथ एकत्र हुए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम ने अपनी गाड़ियां दूर खड़ी कीं और पैदल ही खंडहरों की घेराबंदी की। एक उजाले वाले कमरे में कुछ युवक झुंड बनाकर डकैती की योजना पर चर्चा कर रहे थे। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने सभी 6 आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में नागू नरवाडे, मो. इकबाल, संजय प्रजापति उर्फ सोनू और इरशाद खान सहित दो नाबालिग शामिल हैं।
आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से 4 चाकू, मिर्ची पाउडर, चेहरे छिपाने के लिए मास्क और दुकानों के ताले तोड़ने के लिए टामी, पेचकस व लोहे की रॉड बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे विजय मार्केट में ज्वेलरी दुकानों की रेकी कर चुके थे और उसी रात बड़ी लूट को अंजाम देने वाले थे। पकड़े गए आरोपियों में से मोहम्मद इकबाल पर 16 और नागू नरवाडे पर 12 गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपियों ने बताया कि महंगे शौक के कारण उन पर काफी कर्ज हो गया था, जिसे चुकाने के लिए उन्होंने डकैती का रास्ता चुना। पुलिस ने सभी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







