बीच सड़क पर टहलता दिखा मगरमच्छ, ड्यूटी जा रहे कर्मचारियों के थमे कदम

जबलपुर यश भारत । आयुध निर्माणी खमरिया में सोमवार की रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रात 9 बजे की शिफ्ट में ड्यूटी जा रहे कर्मचारियों ने बीच सड़क पर एक विशालकाय मगरमच्छ को चहल-कदमी करते देखा। निर्माणी के द्वार क्रमांक 3 के पास मगरमच्छ की मौजूदगी देख कर्मचारियों के होश उड़ गए और देखते ही देखते वहां दहशत का माहौल बन गया। इस अचानक आई बाधा के कारण सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिसके चलते कई कर्मचारी निर्धारित समय पर फैक्ट्री के भीतर प्रवेश भी नहीं कर सके।
बताया जा रहा है कि गेट नंबर 3 के दोनों ओर पानी के बड़े तालाब स्थित हैं, जिनका उपयोग निर्माणी और स्टेट एरिया में जल आपूर्ति के लिए किया जाता है। जानकारों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले पाइपलाइन के माध्यम से ये मगरमच्छ परियट जलाशय से इन तालाबों में पहुंच गए थे, जो अब अक्सर बाहर निकल आते हैं। रात के अंधेरे में सड़क के बीचों-बीच मगरमच्छ के दिखने से कर्मचारियों में असुरक्षा का भाव है, क्योंकि इसी मार्ग से हजारों श्रमिक शिफ्ट के दौरान आवाजाही करते हैं।







