सिवनी में मौसम का अचानक मिजाज बदला : कई क्षेत्रों में बारिश व ओलावृष्टि से किसान चिंतित

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में बुधवार शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली, जिससे जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज की गई। लखनादौन, धनोरा, घंसौर, छपारा और बरघाट सहित कई स्थानों पर झमाझम वर्षा हुई, वहीं लखनादौन और आदेगांव क्षेत्र में ओलावृष्टि की भी खबर है। हालांकि अब तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन इस अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।
शाम के समय हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। दिनभर तेज धूप और उमस के बाद हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया, लेकिन खेतों में खड़ी और कटी फसलों के लिए यह बदलाव चिंता का कारण बन गया है। जिले के कई इलाकों में फसलें पककर तैयार हैं और कटाई का कार्य जारी है, जबकि कुछ स्थानों पर फसलें कटकर खेतों में ही रखी हुई हैं। ऐसे में तेज बारिश, ओलावृष्टि और हवाओं से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
लखनादौन, आदेगांव और धूमा क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं, जिससे कई जगहों पर फसलें झुकने की स्थिति में आ गईं। सिवनी मुख्यालय, कुरई, केवलारी और बरघाट क्षेत्र में दिनभर धूप के बाद शाम होते-होते मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। रात करीब 8 बजे तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा। रात तक आसमान में बादल छाए रहे और बिजली कड़कने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे आगामी समय में और वर्षा की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने भी जिले के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।मौसम के बदलाव के कारण शहर में बार बार बिजली गुल हो रही है। वर्तमान हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। कलेक्टर शीतला पटले ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। उन्होंने पशुओं को खुले में न छोड़ने तथा आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका के बीच घर के भीतर ही रहने का आग्रह किया है। साथ ही, किसानों को पकी हुई फसलों की शीघ्र कटाई कर सुरक्षित भंडारण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।







