मध्य प्रदेशराज्य

महुआ बीनने गई महिला की जंगल में संदिग्ध मौत : क्षेत्र में सनसनी

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंडरई गांव के समीप जंगल में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान लाली बाई झरिया, निवासी मुंडरई गांव के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाली बाई झरिया बुधवार सुबह रोज़ की तरह महुआ बीनने के लिए गांव के पास स्थित जंगल में गई थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने आसपास के ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जंगल के अंदर एक स्थान पर लाली बाई का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।

महिला का शव देखते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल छपारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी खेमेन्द्र जेतवार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच प्रारंभ की।

प्राथमिक तौर पर महिला की मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही है। शव की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मर्ग कायम कर लिया है और सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।

पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

थाना प्रभारी खेमेन्द्र जेतवार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद मुंडरई गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button