एमपी में बदलेगा मौसम का मिजाज: गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट, 3 दिन बाद गिरेगा पारा

एमपी में बदलेगा मौसम का मिजाज: गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट, 3 दिन बाद गिरेगा पारा
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश में गर्मी के तेवरों के बीच अब मौसम के मिजाज बदलने लगे हैं। ग्वालियर, चंबल और रीवा संभाग में हुई हल्की बूंदाबांदी ने आने वाले दिनों में बड़े बदलाव के संकेत दे दिए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर, ट्रफ सिस्टम सक्रिय
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ लाइन सक्रिय है। इस सिस्टम की वजह से अरब सागर से नमी आ रही है, जिससे बादलों का निर्माण हो रहा है। यही कारण है कि शुष्क मौसम के बीच अचानक गरज-चमक और बारिश की स्थिति बन रही है।
3 दिन बाद मिलेगी गर्मी से राहत
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 72 घंटों तक तापमान में कोई विशेष गिरावट नहीं होगी। हालांकि, इसके बाद सिस्टम के प्रभाव से अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी, जिससे प्रदेशवासियों को चुभती गर्मी से राहत मिल सकती है।






