बस स्टैंड की तीन दुकानों पर बकाया कर न चुकाने पर निगम ने लगाया ताला

बकाया वसूली: बस स्टैंड की तीन दुकानों पर निगम ने लगाये ताले
कटनी, यशभारत। वित्तीय वर्ष की समाप्ति से सिर्फ 3 दिन शेष रहने के बीच नगर निगम प्रशासन ने बकाया कर वसूली में सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार सुबह बस स्टैंड परिसर की तीन दुकानों पर ताला लगाकर कार्रवाई की। निगम ने यह कदम उन दुकानों पर उठाया, जिनके आवंटियों ने लंबे समय से किराया जमा नहीं किया था।
इन दुकानों पर हुई तालाबंदी
दुकान नंबर 62 – अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक कुल 16,989 रुपये बकाया।
दुकान नंबर 9 – अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक कुल 17,866 रुपये बकाया।
दुकान नंबर 47 – जनवरी 2025 से मार्च 2026 तक कुल 9,850 रुपये बकाया।
राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि संबंधित दुकानदारों को पहले भी कई नोटिस जारी किए गए थे और हाल ही में शासन द्वारा 31 मार्च तक लोक अदालत की छूट का लाभ दिए जाने की जानकारी प्रदान की गई थी। बावजूद इसके बकाया राशि जमा न होने पर यह कार्रवाई की गई।निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वित्तीय वर्ष समाप्ति के साथ बकाया कर वसूली अभियान लगातार जारी रहेगा। करदाताओं से अपील की गई है कि वे समय पर अपने बकाया कर जमा कर अनावश्यक कार्रवाई से बचें।







