सोशल मीडिया में दोस्ती के बाद नाबालिग से दुष्कर्म, कोतवाली पुलिस ने गुना से दबोचा पाक्सो एक्ट का आरोपी

कटनी, यशभारत। सोशल मीडिया से हुई दोस्ती के बाद नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गुना से गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने बताया कि मामले की शुरुआत 1 अगस्त 2025 को हुई थी, जब कटनी-पन्ना मोड़ निवासी एक महिला ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को गणेश चौक से कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2)के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पीडि़ता सोशल मीडिया के माध्यम से गुना निवासी एक युवक के संपर्क में थी। पुलिस ने बालिका को गुना से बरामद किया। पीडि़ता ने अपने बयान में बताया कि आरोपी 21 वर्षीय नीतेश धाकड़ ने उसे शादी का झांसा देकर प्रेमजाल में फंसाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी बालिका को लावारिश छोडक़र फरार हो गया था। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 87, 64(1), 64(2) और पाक्सो एक्ट 3, 4, 5, 6 की बढ़ोतरी की। एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने एक विशेष टीम गठित की। साइबर सेल और मुखबिरों की मदद से सूचना मिली कि आरोपी गुना लौट आया है और एक कारखाने में दिहाड़ी मजदूरी कर रहा है। पुलिस टीम ने गुना के इंडस्ट्रियल एरिया में दबिश दी और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी नीतेश धाकड़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कटनी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्यवाही में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे, उप निरीक्षक नेहा मौर्य, सहायक उप निरीक्षक प्रहलाद पैकरा, सहायक उप निरीक्षक विजय गिरी, प्रधान आरक्षक सूर्यकांत, वीरेंद्र सिंह, अनिल सेंगर, पुष्पराज सिंह, आरक्षक दीपक तिवारी, दिनेश सेन, मोहन मंडलोई, मंसूर हुसैन, साइबर सेल आरक्षक शुभम गौतम एवं थाना कैंट जिला गुना के आरक्षक सूर्यभान जाट की अहम भूमिका रही।







