भोपाल में मौसम का डबल अटैक

भोपाल में मौसम का डबल अटैक
– प्रदेश में कहीं तेज धूप, तो कहीं बारिश का अलर्ट
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल समेत पूरे मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। एक ओर जहां दिन में तेज धूप और बढ़ते तापमान से गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर बादलों की आवाजाही और आने वाले दिनों में बारिश व ओलावृष्टि की संभावना ने मौसम को अस्थिर बना दिया है। मौसम विभाग के अनुसार 28 मार्च से एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने जा रहा है, जिसके चलते 29 से 31 मार्च के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओले गिरने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में राजस्थान क्षेत्र के पास एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि दक्षिण दिशा में कर्नाटक तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है। इन दोनों प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। ग्वालियर और बुंदेलखंड क्षेत्र में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जिससे गर्मी का असर तेज हो गया है। वहीं पूर्वी हिस्सों में बादल छाने लगे हैं और मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 28 मार्च की रात से एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर पूरे प्रदेश में दिखाई देगा।
इसके चलते राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इस बदलाव के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई जा रही है।
संभागवार स्थिति की बात करें तो जबलपुर, शहडोल और रीवा संभागों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। वहीं भोपाल, सागर और ग्वालियर संभाग में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और हल्की बारिश हो सकती है। उधर इंदौर और उज्जैन में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे धूप की तीव्रता कुछ कम हो सकती है, हालांकि हवा में नमी बढ़ने से उमस महसूस हो सकती है।
मौसम के इस अचानक बदलाव को देखते हुए किसानों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं और अचानक होने वाली बारिश कटी हुई फसलों या खलिहान में रखे अनाज को नुकसान पहुंचा सकती हैं।







