
महाड, यश भारत। केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्यमंत्री एवं रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने कहा कि आंबेडकरी विचारधारा समाज को तोड़ने की नहीं बल्कि जोड़ने की प्रेरणा देती है। वे महाड स्थित ऐतिहासिक चवदार तालाब जलशुद्धीकरण परियोजना के भूमिपूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बीआर आंबेडकर ने भारतीय संविधान के माध्यम से देश के सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। चवदार तालाब को उन्होंने समता और सामाजिक न्याय की क्रांतिकारी भूमि बताया, जिसने पूरे विश्व को प्रेरणा दी है।इस अवसर पर देवेंद्र फडणवीस के हस्ते 55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले जलशुद्धीकरण प्रकल्प का भूमिपूजन किया गया। यह कार्यक्रम चवदार तालाब सत्याग्रह के 99वें वर्षगांठ के मौके पर आयोजित किया गया, साथ ही शताब्दी वर्ष समारोह की शुरुआत भी हुई।
समारोह में विधानसभा उपाध्यक्ष अण्णासाहेब बनसोडे, मंत्री संजय शिरसाट, भरत गोगावले, आदिती तटकरे, उद्योग मंत्री उदय सामंत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।







