पति की प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने चुना मौत का रास्ता

कटनी, यशभारत। कटनी जिले के बहोरीबंद थाना अंतर्गत ग्राम कूड़न में एक विवाहिता द्वारा आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति द्वारा लगातार दी जा रही मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर 30 वर्षीय महिला ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कूड़न की निवासी ललिता चौधरी (30 वर्ष) का विवाह वीरेंद्र चौधरी (33 वर्ष) के साथ हुआ था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। ललिता के परिजनों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, वीरेंद्र अक्सर छोटी-छोटी बातों पर ललिता को प्रताड़ित करता था।
घर के भीतर उठाया आत्मघाती कदम
घटना 2 मार्च, 2026 की दोपहर करीब 1:30 बजे की है। रोज-रोज के कलेश और प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर ललिता ने अपने ही घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद बहोरीबंद थाने के सउनि चूड़ामणि पाण्डे ने मामले की जांच शुरू की। मृतिका के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि ललिता को आत्महत्या के लिए उकसाने में उसके पति की मुख्य भूमिका थी। पुलिस ने आरोपी पति वीरेंद्र चौधरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत प्रकरण दर्ज किया। 17 मार्च को पुलिस ने औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।







