सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को खुलकर सामने आ गया। कलारबाकी क्षेत्र के लगभग 8 से 10 गांवों के सैकड़ों महिला-पुरुष एकजुट होकर दोपहर में बंडोल थाना पहुंचे और अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के कई गांवों में लंबे समय से खुलेआम देशी और कच्ची शराब की बिक्री की जा रही है। गांव-गांव में 3 से 4 स्थानों पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है, जिससे सामाजिक माहौल लगातार खराब हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार शराब के कारण आए दिन गांवों में झगड़े, गाली-गलौज और विवाद की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इससे विशेष रूप से महिलाओं और परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अवैध शराब बेचने वालों को कुछ लोगों का संरक्षण मिल रहा है, जिसके कारण यह कारोबार बेखौफ तरीके से चल रहा है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में थाना पहुंचकर अपनी पीड़ा व्यक्त की। उनका कहना था कि शराब के कारण परिवारों में तनाव बढ़ रहा है और कई घरों की आर्थिक स्थिति भी बिगड़ रही है। मजदूरी करने वाले लोग अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा शराब में खर्च कर देते हैं, जिससे घर-परिवार चलाना मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर सख्ती से रोक लगाई जाए और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अवैध शराब का कारोबार बंद नहीं कराया गया तो ग्रामीणों द्वारा बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस मामले में बंडोल थाना प्रभारी मनोज जंघेला ने बताया कि शराब बंदी की मांग को लेकर कुछ ग्रामीण थाना पहुंचे थे और उन्होंने ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Back to top button