जबलपुरमध्य प्रदेश

तीन नशे के सौदागरों को दबोचा, लाखों का गांजा और शराब जब्त

करीब 7.5 किलो गांजा, भारी मात्रा में कच्ची शराब और नगदी बरामद

जबलपुर। क्राइम ब्रांच के साथ कोतवाली और रांझी पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर तीन नशे के सौदागरोंको दबोचा है, जिनके पास से करीब 7.5 किलो गांजा, भारी मात्रा में कच्ची शराब और नगदी बरामद की गई है। थाना प्रभारी कोतवाली मानस द्विवेदी ने बताया कि क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर गोपाल बाग तलैया क्षेत्र में घेराबंदी की। यहाँ पुलिस ने अभिषेक पटेल उर्फ अंशु (34) निवासी दमोहनाका को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद थैले से 7 किलो 325 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 3 लाख 66 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में पुलिस ने बापूनगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी राहुल सोनकर उर्फ बाबू (27) और करन बर्मन (18) के पास से गांजे के 30 पाउच (170 ग्राम) और 55 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी करन बर्मन ने बताया कि वह राहुल के कहने पर गांजे के पाउच 100-100 रुपये में बेचता था, जिसके बदले उसे 300 रुपये कमीशन मिलता था। आरोपी राहुल की निशानदेही पर पुलिस ने नाले के पास स्थित जंगल में दबिश दी, जहाँ टंकी में भरा लगभग 200 लीटर लाहन मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी राहुल उर्फ बाबू सोनकर एक शातिर अपराधी है। उसके विरुद्ध पूर्व में अवैध वसूली, बलवा, आबकारी और आर्म्स एक्ट जैसे 6 गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से गांजा, शराब और बिक्री के 1015 रुपये नगद जब्त कर आबकारी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button