कलेक्टर के आदेश के बावजूद कई गैस एजेंसियां बंद – गैस सिलेंडर पाने के लिए परेशान हो रहे उपभोक्ता

कलेक्टर के आदेश के बावजूद कई गैस एजेंसियां बंद
– गैस सिलेंडर पाने के लिए परेशान हो रहे उपभोक्ता
भोपाल, यशभारत। शाहर में रसोई गैस की किल्लत के बीच कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के आदेश के बावजूद रविवार को कई गैस एजेंसियां बंद रहने का मामला सामने आया है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रविवार को भी गैस एजेंसियां खुली रखने के निर्देश जारी किए थे, लेकिन कई स्थानों पर इन निर्देशों की अनदेखी होती दिखाई दी। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया था कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रविवार को भी एजेंसियां खुली रहेंगी। इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में गैस एजेंसियों पर ताले लगे नजर आए, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी बीच डीआईजी बंगला के पास स्थित इंडेन गैस एजेंसी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एजेंसी का शटर बंद दिखाई दे रहा है, जबकि प्रशासन की ओर से एजेंसी खुली रखने के निर्देश दिए गए थे। शहर में गैस की कमी और वितरण में हो रही दिक्कतों के बीच एजेंसियों के बंद रहने से उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि गैस की सप्लाई पहले से प्रभावित है और यदि एजेंसियां भी बंद रहेंगी तो समस्या और बढ़ेगी।







