सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले में रसोई गैस की भारी किल्लत और गैस एजेंसियों पर उमड़ रही उपभोक्ताओं की भीड़ से उपजे जन-आक्रोश को लेकर जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को शहर अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने खाली सिलेंडर के साथ सड़कों पर उतरकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता सिर पर सिलेंडर रखकर सरकार की ‘विफल’ नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आम जनता गैस की किल्लत से त्रस्त है। बुकिंग का अंतराल बढ़ा दिया गया है और सप्लाई पूरी तरह बाधित है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “प्रधानमंत्री ने एक बार फिर जनता को ‘लाइन में लगो’ योजना सौंप दी है। सरकार दावा कर रही है कि भंडार पर्याप्त है, तो फिर एजेंसियों पर ये लंबी लाइनें क्यों लगी हैं? संकट के समय सांसद और जिम्मेदार नेता गायब हैं, जबकि रसोई से सिलेंडर गायब हो गया है।”
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अमित रामजी दुबे ने कहा कि जनता इस किल्लत से ‘त्राहिमाम’ कर रही है, लेकिन सरकार इस आपदा में भी मुनाफाखोरी के अवसर तलाश रही है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। हाथों में तख्तियां और सिर पर खाली सिलेंडर लिए प्रदर्शनकारियों ने सरकार की कार्यप्रणाली को ‘गैर-जिम्मेदाराना’ करार दिया। कांग्रेसियों का कहना था कि मात्र 10-12 दिनों की वैश्विक हलचल में ही सरकार के पास आपदा प्रबंधन और भंडारण की पोल खुल गई है।
इस व्यापक विरोध प्रदर्शन में शहर के अनेक वरिष्ठ नेता, पार्षद और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से प्रदीप पप्पू गुप्ता, राकेश राय, सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, राहुल चौबे, नरेंद्र मिश्रा, हेमराज रजक, वीरेंद्र राजे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू, पार्षद नीलोफर चमन अंसारी, शिव शंकर गुड्डू यादव, लीलाधर सूर्यवंशी, भैयन पटेल, आनंद हैला, समीर खान, दीनदयाल तिवारी, रवि सोनी, प्रशांत, राहुल, कार्तिक, कुंदन जाट, अरविंद सिंह, जाहिद ठेकेदार, नीरज रैकवार, किरणलता सोनी, भावना रोहण, गीता कुशवाहा, ज्योति मलैया, मीरा अहिरवार, निलेश अहिरवार, शारदा चौधरी, महेश अहिरवार, लक्ष्मी नारायण सोनकिया, सुनील पाहवा, अंकुर यादव, हीरालाल चौधरी, अरविंद ठाकुर, फिरोज खान, जीशान खान, प्रशांत सोनी, पवन जाटव, तारिक कुरैशी, अर्चना कनौजिया, बंटी कोरी, संजय व्यास, मानसिंह चौधरी, कल्लू पटेल, प्रियंक बहेरिया, प्रभात भंडारी, श्रीदास रैकवार, तज्जु भाई जान, नौशाद अब्बासी, धीरज वाल्मीकि, कुंजीलाल लडिया, संजय व्यास और आतिफ खान सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी जन उपस्थित थे।
कांग्रेसियों ने चेतावनी दी है कि यदि गैस आपूर्ति जल्द ही सामान्य नहीं की गई और कालाबाजारी नहीं रुकी, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।