नर्स पत्नी ने इंजीनियर पति के सीने पर बैठकर रेती कलाई, सिर पर मारा कांच का गिलास

नर्स पत्नी ने इंजीनियर पति के सीने पर बैठकर रेती कलाई, सिर पर मारा कांच का गिलास
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र में वैवाहिक विवाद का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। पुणे में पदस्थ एक आईटी इंजीनियर पति पर उसकी नर्स पत्नी ने सिर्फ इसलिए जानलेवा हमला कर दिया क्योंकि पति घर से खाना खाकर होटल पहुंचा था। सनकी पत्नी ने पहले सोते हुए पति की कलाई और पेट को ब्लेड से रेत दिया और जब वह जान बचाकर भागा, तो उसके सिर पर कांच का गिलास दे मारा। पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी ललित कुमार (निवासी गोपाल नगर) पुणे की एक आईटी कंपनी में इंजीनियर हैं। उनका विवाह 17 मई 2025 को सीहोर के आर्य समाज मंदिर में हुआ था। उनकी पत्नी एक जिला चिकित्सालय में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत है। शनिवार को पत्नी ललित से मिलने भोपाल आई थी, जिसे ललित ने आनंद नगर की एक निजी होटल में रुकवाया था। रात में जब ललित खाना और दवाइयां खाकर होटल पहुंचे, तो पत्नी ने साथ खाना खाने की जिद की। ललित के मना करने पर विवाद शुरू हो गया, जो पूरी रात चलता रहा।
सुबह 7 बजे किया हमला
फरियादी ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 6:00 बजे उनकी आंख लग गई थी। करीब एक घंटे बाद जब अचानक नींद खुली तो देखा कि पत्नी उनके सीने पर बैठी थी और हाथ में ब्लेड लिए हुए थी। इससे पहले कि ललित कुछ समझ पाते, पत्नी ने उनके दाएं हाथ की कलाई और पेट पर वार कर दिया।
बाथरूम की तरफ भागे तो सिर फोड़ा
ललित जान बचाने के लिए कमरे से बाथरूम की ओर भागे, लेकिन हमलावर पत्नी ने पीछे से कांच का गिलास उनके सिर पर दे मारा। लहूलुहान हालत में ललित जैसे-तैसे होटल से बाहर निकले और पटेल नगर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। पीड़ित का आरोप है कि पत्नी ने अस्पताल तक उनका पीछा किया और वहां मौजूद उनकी बहन को भी जान से मारने की धमकी दी। फिलहाल पिपलानी पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।






