सागर शराब त्रासदी : अवैध शराब माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा: 250 लीटर शराब के साथ भारी मात्रा में कच्चा लहान ढेर

सागर, यशभारत lजिले में अवैध और अमानक शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण पर लगाम कसने के लिए सागर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। पुलिस अधीक्षक के सीधे निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने दबिश देकर कुल 66 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।

पुलिस द्वारा की गई इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 250.827 लीटर अवैध शराब जप्त की गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹1,02,500 (एक लाख दो हजार पांच सौ रुपये) आंकी गई है।
जप्त एवं नष्ट की गई सामग्री का विवरण:
देशी शराब: 159.497 लीटर
विदेशी शराब: 17.73 लीटर
कच्ची हाथ भट्ठी शराब: 73.6 लीटर
कच्चा लहान (नष्ट किया गया): 1,965 लीटर
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर शराब बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले 1,965 लीटर कच्चे लहान को भी ढूंढकर पूरी तरह नष्ट कर दिया, जिससे अवैध शराब माफियाओं के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

सागर पुलिस प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त असामाजिक तत्वों और अपराधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की वैधानिक कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।







