प्रियंक मिश्रा संभालेंगे भोपाल की कमान, 26 आईएएस अधिकारियों के तबादले

प्रियंक मिश्रा संभालेंगे भोपाल की कमान, 26 आईएएस अधिकारियों के तबादले
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बड़ा बदलाव किया है। गुरुवार, 9 अप्रैल को सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार प्रदेश के 26 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। इस फेरबदल की सबसे खास बात यह है कि भोपाल सहित प्रदेश के 14 जिलों के कलेक्टर बदल दिए गए हैं।
प्रशासनिक गलियारे में सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति कौशलेंद्र विक्रम सिंह की हुई है, जिन्हें मुख्यमंत्री का सचिव बनाया गया है। प्रियंक मिश्रा को भोपाल का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। जिलों की कमान संभालने वाले अन्य प्रमुख अधिकारियों में सोमेश मिश्रा को नर्मदापुरम, नर्मदापुरम की कलेक्टर सोनिया मीना को वित्त विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। अर्पित वर्मा को शिवपुरी, राखी सहाय को उमरिया और शीला दाहिमा को श्योपुर जिले का कलेक्टर बनाया गया है।
अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हुए वरिष्ठ अधिकारी
तबादला सूची के माध्यम से शासन ने कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी से मुक्त कर उन्हें मूल विभागों में सक्रिय किया है। प्रमुख सचिव सोनाली पोंक्षे वायंगणकर अब केवल सामाजिक न्याय विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगी, उन्हें आयुक्त पद के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। इसी तरह दीपक आर्य को ग्रामीण सडक़ विकास प्राधिकरण के सीईओ के पद पर बरकरार रखते हुए एप्को के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। तन्वी हुड्डा अब इंदौर में केवल वाणिज्यिक कर विभाग में अपनी सेवाएं देंगी।
विभागीय स्तर पर नई नियुक्तियां
सरकार ने विभागों के रिक्त पदों और विशेष इकाइयों में भी नई पदस्थापना की है। कृष्ण गोपाल तिवारी को सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण का आयुक्त बनाया गया है। सुधीर कुमार कोचर अब पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन के कार्यपालन संचालक होंगे, जबकि संदीप जीआर को श्रम आयुक्त, इंदौर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा धरणेन्द्र कुमार जैन विमानन विभाग में अपर सचिव के रूप में अपनी नई पारी शुरू करेंगे। शासन के इस बड़े बदलाव को नई विकास रणनीतियों और प्रशासनिक कसावट से जोडक़र देखा जा रहा है।







