कैलवारा बायपास पर तेज रफ्तार ट्रक का कहर, अज्ञात ट्रक चालक बाइक को ठोकर मारकर भागा, तीन युवक गंभीर घायल,

कटनी, यश भारत। कैलवारा बायपास पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे ट्रक का कहर देखने को मिला। एक अज्ञात ट्रक ने मोटर साइकिल सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार मोट रसाइकिल पर सवार नरेश पाल, धनु पाल और कैलाश आदिवासी, जो कि केलवारा निवासी बताए जा रहे हैं, किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर घिसटते हुए दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल कटनी पहुंचाया गया। फिलहाल जिला अस्पताल में तीनों घायलों का उपचार जारी है। वहीं पुलिस अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।







