मंडला lजयपुर में आयोजित अंडर-23 बालिका वर्ग एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में मध्यप्रदेश की टीम ने जम्मू-कश्मीर को करारी शिकस्त दी है। इस जीत की मुख्य सूत्रधार मंडला जिले की प्रतिभावान स्पिन गेंदबाज शुचि उपाध्याय रहीं, जिनकी घातक गेंदबाजी के सामने विपक्षी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। बताया गया कि मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन शुचि उपाध्याय की फिरकी ने उनके इस फैसले को गलत साबित कर दिया। शुचि ने महज 9.5 ओवरों में 2 मेडन ओवर फेंकते हुए केवल 14 रन देकर 5 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। शुचि की इस शानदार गेंदबाजी की बदौलत जम्मू-कश्मीर की पूरी टीम मात्र 130 रनों पर सिमट गई। 131 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्यप्रदेश की टीम ने उत्कृष्ट बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 30 ओवरों में जीत हासिल कर ली। बताया गया कि शुचि उपाध्याय पिछले कुछ समय से लगातार बेहतरीन फॉर्म में हैं। बीते माह आयोजित सीनियर वूमेंस वन डे टूर्नामेंट में भी उन्होंने मध्य प्रदेश की ओर से सर्वाधिक 14 विकेट हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। महाकौशल क्षेत्र और मंडला जिले का नाम रोशन करने पर खेल जगत में खुशी का माहौल है। शुचि के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर डीसीए मंडला के भीष्म द्विवेदी, अजय मिश्रा, इम्तियाज अली, निशांत झा, बसंत ठाकुर, अनिल सोनी, ललित जोशी, संजय बड़गियां, पंकज दुबे, अर्जुन भांडे, अक्षय चंद्रोल, मयंक अग्रवाल, शिवांशु तिवारी, फैजान खान सहित जिले के समस्त खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Back to top button